20 सितंबर 2013 - 19:30
इस्राईल के परमाणु हथियारों पर ईरान की चेतावनी

ईरान ने इस्राईल के गुप्त परमाणु हथियार कार्यक्रम के गंभीर ख़तरे की ओर से चेतावनी देते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से इससे निपटने के लिए ज़िम्मेदारी निभाने की मांग की है।

ईरान ने इस्राईल के गुप्त परमाणु हथियार कार्यक्रम के गंभीर ख़तरे की ओर से चेतावनी देते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से इससे निपटने के लिए ज़िम्मेदारी निभाने की मांग की है।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मर्ज़िया अफ़ख़म ने शनिवार को इस्ना से कहाः ज़ायोनी शासन ने सामूहिक विनाश के हथियारों के अप्रसार से संबंधित किसी भी संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं और इस शासन के हथियार कि जिस पर अंतर्राष्ट्रीय निरीक्षण नहीं है, क्षेत्रीय देशों सहित पूरे विश्व के लिए गंभीर ख़तरा बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के लिए इस मुद्दे से निपटना बहुत ज़रूरी है।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता की यह टिप्पणी ऐसे समय आयी है जब एक दिन पहले शुक्रवार को आईएईए में इस्राईल के अघोषित परमाणु शस्त्रों की निंदा पर आधारित मसौदे को पश्चिमी देशों ने रोक दिया।
इस मसौदे को वियना में आईएईए की वार्षिक जनरल कांफ़्रेंस के दौरान 32 देशों ने पेश किया था जिसमें इस्राईल की उसके परमाणु शस्त्रों से संपन्नता की स्वीकारोक्ति से इंकार के कारण निंदा की गयी थी।
ज़ायोनी परमाणु प्रतिष्ठान में काम करने वाले मर्दख़ाय वनूनो की सूचना के आधार पर जो उन्होंने 1980 के दशक में द संडे टाइम्ज़ को दी थी, अधिकाशं विशेषज्ञों का मानना है कि इस समय ज़ायोनी शासन के पास 200-300 परमाणु वारहेड्स हैं।
मध्यपूर्व में 200 से अधिक परमाणु वारहेड्स से संपन्न ज़ायोनी शासन से पश्चिमी देश यह तक नहीं पूछते कि वह अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के निरीक्षकों को अपने परमाणु प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की अनुमति क्यों नहीं देता और परमाणु अप्रसार संधि एनपीटी से क्यों नहीं जुड़ता।